चतरा: झारखंड के चतरा जिले में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला का शव मंगलवार को हंटरगंज थाना क्षेत्र स्थित कौलेश्वरी पहाड़ के समीप हड़दवा नामक स्थान से बरामद किया गया है। मृतका की पहचान गायघाट निवासी पूनम देवी (25) के रूप में की गई है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया यह मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलने के बाद हंटरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, पूनम देवी पहले से शादीशुदा थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। कुछ समय पहले उसका प्रेम संबंध योगेंद्र भारती नामक युवक से हुआ था, जिसके बाद उसने दूसरी शादी कर ली थी।